Rashi FalThis is a featured page


राशिफल :- यह राशिफल जन्‍मराशि पर आधारित है । आपके जन्‍म समय चन्‍द्रमा जिस अंक पर थे, वही आपकी राशि कहलाएगी। इस राशिफल कथन में नक्षत्र ज्‍योतिष का प्रयोग किया गया है।

- आचार्य कुशल


मेष


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: व्‍यक्तिगत दृष्टिकोण से माह के प्रथमार्द्ध में आंतरिक कलह बनी रहेगी। राशि से सप्‍तम में तीन ग्रहों की उपस्थिति तथा उनसे केतु का दृष्टि संबंध चाहकर भी रिश्‍तों को सामान्‍य नहीं होने देंगे। राशि स्‍वामी मंगल के नीच प्रभाव में होने के कारण स्‍वभाव में क्रोध रहेगा और एक न एक समस्‍या बनी रहेगी। यात्राएं अधिक करेंगे, दुस्‍साहस का परिचय देंगे परंतु जनसंपर्क काफी बढ़ जाएगा। खर्च की अधिकता रहेगी और राशि से छठे स्थित शनि प्रतिर्स्‍पद्धाओं और विरोधियों की गतिविधियों का दमन करने में मदद करेंगे।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक दृष्टिकोण से प्रथमार्द्ध की अपेक्षा उत्‍तरार्द्ध अधिक श्रेष्‍ठ रहेगा जब आय बढ़ेगी और नए अवसर भी मिलेंगे। जनसंपर्क का बढ़ा हुआ दायरा व्‍यावसायिक मामलों में भी मदद करेगा। यदि व्‍यवसाय भागीदारिता में है तो समय जरूर कष्‍टकारी हो सकता है और संभव है कि टूटने के कगार पर आ जाए। उत्‍तरार्द्ध में परिस्थितियां कुछ अनुकूल हो जाएंगी। व्‍यावसायिक विस्‍तार की बड़ी योजनाएं बनाएंगे और उन्‍हें अमल में भी ले आएंगे। राशि से नवम पर राहु का संचार इस बात की संभावना को बढ़ाता है कि आप विस्‍तार के लिए अनुचित साधनों का प्रयोग करेंगे और अनीतिपूर्ण तरीके से धन कमाना चाहेंगे, ध्‍यान रहे यह स्थिति घातक भी हो सकती है। यदि आप नौकरीपेशा हैं तो कोई बड़ा जोखिम लेंगे और अपने व्‍यवहार के विपरीत जाकर कदम उठाएंगे।

स्‍वास्‍थ्‍य: मानसिक तनाव में कमी आएगी। यात्राएं अधिक होने से शारीरिक थकान बनी रहेगी परंतु स्‍वास्‍थ्‍य की कोई विशेष हानि नहीं होगी।

रिश्‍ते–नाते: प्रथमार्द्ध की कड़वाहट उत्‍तरार्द्ध में कम हो जाएगी और रिश्‍तों में सुधार होता चला जाएगा। छोटे भाई–बहिनों से संबंधों में अलगाव हो सकता है परंतु बड़ों के साथ ऐसी कोई स्थिति नहीं रहेगी। माता–पिता से संबंध अच्‍छे रहेंगे और आपसी विवाद का बड़ा कारण जो पूर्व में चला आ रहा था, अब समाप्‍त हो जाएगा।

वृषभ


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: प्रथमार्द्ध में व्‍यक्तिगत मामले शांत रहेंगे। वस्‍त्र आदि पर खर्च अधिक होगा और संभव है कि आप कोई ऋण भी ले लें। यदि आप अविवाहित हैं और संबंध के प्रसंग चल रहे हैं तो वे भी आगे बढ़ेंगे। व्‍यक्तिगत संबंधों में जो विरोध हो रहा था वह अब समाप्ति की ओर है जब राशि से छठे स्थित सूर्य इस काम में आपकी मदद करेंगे परंतु उत्‍तरार्द्ध में सूर्य का, शनि के दृष्टि क्षेत्र में आ जाना प्रतिकूल परिणाम देगा और परिस्थितियां कलहपूर्ण हो जाएंगी। जीवनसाथी से संबंध बहुत अधिक सौहार्द्रपूर्ण नहीं रहेंगे और किसी न किसी बात पर मतभेद होते दिखाई देंगे।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक दृष्टिकोण से यह माह निराशापूर्ण स्थितियां लाएगा। सफलता के तमाम प्रयास करने के बाद भी आसानी से अनुकूल परिणाम नहीं मिलेंगे। आर्थिक दबाव बना रहेगा और इसी दबाव के चलते किसी भूमि अथवा भवन के निष्‍पादन की भी सोच सकते हैं। राशि से चतुर्थ पर राहु का प्रभाव ऐसी स्थितियां ला सकता है। संभव है कि किसी वास्‍तु संबंधी दोष का निवारण भी भवन अथवा कार्यालय में कर लें। यदि कोई कानूनी विवाद चल रहा है तो यद्यपि आप विजयी रहेंगे परंतु फिर भी सावधानी बरती जानी आपसे अपेक्षित है।

स्‍वास्‍थ्‍य: इस माह न केवल शारीरिक कष्‍ट रहेंगे बल्कि मानसिक कष्‍ट भी बने रहेंगे। खान–पान का दूषण पेट के रोगों को जन्‍म देगा।

रिश्‍ते–नाते: रिश्‍तों में आप पर उत्‍तरार्द्ध में कुछ आक्षेप आएंगे और उनका जवाब देना आपके हाथ में नहीं रहेगा। खर्चा अधिक होगा। लोगों की ईर्ष्‍या का पात्र बनेंगे। यदि कहीं कोई प्रेम संबंध चल रहे हों तो उनमें भी खटास आने की संभावना है। दांपत्‍य जीवन में कुछ समस्‍याएं रहेंगी। जीवनसाथी का स्‍वास्‍थ्‍य प्रभावित होगा और दवाइयों पर कुछ खर्च अपेक्षित है।

मिथुन


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: राशि से केन्‍द्र में तीन पाप ग्रह होने से जीवन में कठिनाई बढ़ जाएगी, असंतुष्टि का भाव रहेगा, संतान के किसी व्‍यवहार से चिंतित बने रहेंगे। उत्‍तरार्द्ध में स्थिति में परिवर्तन हो जाएगा जब राशि से छठे भाव पर सूर्य का संचार होगा और आप परिस्थितियों पर विजय पा लेंगे। इन सब के बीच आपको सावधान रहना होगा कि किसी धोखे का शिकार ना हों। उत्‍तरार्द्ध में संतान संबंधी शुभ समाचार मिल जाएंगे और अपनी कार्य–प्रणाली से भी आप संतुष्‍ट नजर आएंगे।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक क्षेत्र में प्रथमार्द्ध में कुछ परेशानियां रहेंगी और उन बाधाओं से आप चिंतित बने रहेंगे। यदि कोई व्‍यवसाय भागीदारी में है तो नुकसान की स्थिति हो सकती है। राशि से दशम पर शनिदेव की दृष्टि आजीविका क्षेत्र में कुछ परिवर्तन चाहती है या तो कार्य–स्‍थल बदलेंगे या संपूर्ण कार्य–प्रणाली में ही बदलाव ले आएंगे। कहीं से अचानक आर्थिक लाभ होगा परंतु आपकी अपेक्षा के अनुरूप नहीं होगा। यदि नौकरीपेशा हैं तो उत्‍तरार्द्ध में पिछली समस्‍याओं से निजात पा लेंगे, पद वृद्धि यदि अपेक्षित है तो वह भी होने की पूर्ण संभावना है।

स्‍वास्‍थ्‍य: दवाओं पर खर्च होगा। राशि से छठे बुध और शुक्र तथा आठवें भाव पर बृहस्‍पति का प्रभाव दवाइयों पर खर्चा कराएगा। मानसिक रूप से सुदृढ़ बने रहेंगे परंतु शारीरिक रूप से कुछ परेशानी हो सकती है।

रिश्‍ते–नाते: प्रथमार्द्ध में आरोप–प्रत्‍यारोप रहेंगे। छोटी बातों पर भी कलह रहेगी। माता–पिता से संबंध सामान्‍य रहेंगे परंतु उनके लिए समय अधिक शुभ है। मित्रों से चाही गई मदद मिल जाएगी। भाई–बहिनों से संबंध सामान्‍य रहेंगे, उनसे किसी बड़े लाभ या सहयोग की अपेक्षा नहीं की जा सकती। उत्‍तरार्द्ध में सूर्य के राशि बदलने के बाद संबंध सामान्‍य होंगे।

कर्क


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: व्‍यक्तिगत संबंध सामान्‍य रहेंगे और बहुत अधिक व्‍यस्‍तता के कारण परिवार से कुछ शिकायतों के दौर चलते रहेंगे। उत्‍तरादयित्‍व में वृद्धि होगी और किसी महत्‍वपूर्ण निर्णय को आप बिना किसी से विचार–विमर्श किए क्रियान्वित कर लेंगे, परंतु उस मात्रा में परिणाम अनुकूल प्राप्‍त नहीं होंगे। प्रथमार्द्ध में राशि से चतुर्थ पर नीच के सूर्य का प्रभाव लोकप्रियता में कुछ कमी करेगा परंतु शुक्र की राशि में स्थित बड़ा नुकसान नहीं होने देंगे। स्‍थान बदलने की संभावना पर भी विचार कर सकते हैं।

व्‍यावसायिक: व्‍याव‍सायिक मामलों में प्रथमार्द्ध की अपेक्षा उत्‍तरार्द्ध में सफलता अधिक मिलेगी। यदि आप नौकरीपेशा हैं तो यह माह आपके लिए बढ़े हुए उत्‍तरदायित्‍व के साथ पद–वृद्धि लेकर आने वाला है। यदि स्‍वयं का कार्य–व्‍यवसाय है तो परिवर्तन के संकेत हैं। दैनिक आय बढ़ेगी, निर्णय क्षमता बढ़ेगी, व्‍यावसायिक यात्राएं करेंगे। पिछले संबंधों को पुन:स्‍थापित करने के प्रयासों में सफलता मिलेगी और उन्‍हीं के बल पर कोई महत्‍वपूर्ण निर्णय कर लेंगे। इसमें आपको श्रम और ऊर्जा भरपूर खर्च करनी होगी।

स्‍वास्‍थ्‍य : राशि से छठे स्थित राहु सामान्‍य रोगों को उभारेंगे। संक्रमण से या बैक्‍टीरिया से होने वाले रोग हो सकते हैं परंतु कोई बड़ी स्‍वास्‍थ्‍य हानि दिखाई नहीं देती।

रिश्‍ते–नाते: व्‍यक्तिगत संबंधों के दृष्टिकोण से यह माह बहुत निराशाजनक रहेगा और आप किसी एक संबंध को बामुश्किल बचा पाएंगे। राशि से सप्‍तम के स्‍वामी शनि, बुध से दृष्टि संबंध बना रहे हैं जिस कारण संबंधों में निराशा बढ़ जाएगी और उनकी उस स्थिति से बाहर निकलने के लिए आपको अत्‍यधिक प्रयास करने होंगे। मंगल और बृहस्‍पति की प्रतियुति मित्रों की भी कसौटी पर परखने के लिए प्रेरित करेगी और आपको उस इम्‍तहान को पास करना ही होगा।

सिंह


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: व्‍यक्तिगत दृष्टिकोण से प्रथमार्द्ध लाभदायक है। राशि से तीसरे नीच राशि में स्थित सूर्य, बुध और शुक्र के साथ होने से लाभदायक हो गए हैं और आपके भाग्‍य को बढ़ाने का काम करेंगे। आपकी सोच सकारात्‍मक हो जाएगी, नई वस्‍तुओं पर खर्च करेंगे और विलासिता की चीजें भी घर में ले आएंगे। किन्‍हीं मामलों में शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को समाप्‍त करने के लिए लिए आप प्रतिबद्ध हो जाएंगे और इतने दबाव में रहेंगे कि जीवन मुश्किल लगने लगेगा। लोगों से किए वादों को निभाने के लिए आप बहुत से काम बिना किसी लाभ की आशा में करते चले जाएंगे। पिछली दी हुई उधारी आसानी से लौटकर नहीं आएगी। राजकीय पक्ष से लाभ तो मिल सकते हैं परंतु सीमित मात्रा में ही रहेंगे और बहुत अधिक मददगार साबित नहीं होंगे।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक दृष्टिकोण से यह माह पहले की अपेक्षा अधिक लाभप्रद रहेगा। आर्थिक लाभ बराबर होंगे परंतु पिछली उधारी वसूल करने में कठिनाई रहेगी। किसी नए उपक्रम में हाथ डालेंगे और किसी न किसी प्रकार से उसे पार ले जाने ही हद तक हर संभव प्रयास करेंगे, विस्‍तार योजनाओं पर धन खर्च होगा और आप यह समझ नहीं पाएंगे कि इसका प्रबंधन कैसे सुधारा जाए। यदि कार्य–व्‍यवसाय सरकारी पक्ष से सम्‍बद्ध है तो विशेष लाभ की संभावनाएं नहीं हैं यद्यपि छोटे काम हो जाएंगे परंतु बड़ा आश्‍वासन भी मिल जाएगा।

स्‍वास्‍थ्‍य: इस माह दवाइयों पर कुछ खर्च अपेक्षित है। यदि स्‍वास्‍थ्‍य की अनेदखी लगातार की गई तो संभव है कि हॉस्पिटल ही जाना पड़े। उत्‍तरार्द्ध में जब सूर्य राशि परिवर्तन कर लेंगे उस वक्‍त परिस्थितियों में बदलाव हो सकता है।

रिश्‍ते–नाते: संतान की ओर से विशेष लाभ नहीं मिलेगा और आप किसी न किसी परेशानी में रहेंगे। पिता से सहयोग की आशा की जा सकती है। भाई–बहिन भी विशेष मदद नहीं कर पाएंगे। माता से रिश्‍तों में सुधार होगा। जीवनसाथी की ओर से निश्चित नहीं रह पाएंगे और विशेष सहयोग की अपेक्षा भी आप नहीं कर सकते। किसी न किसी बात से घर में तनाव बना रहेगा। यदि आप क्रोध पर नियंत्रण रख पाए तो ही परिस्थितियां मदद करेंगी अन्‍यथा आपके कड़वे शब्‍द किसी रिश्‍ते को टूटने के कगार पर ले आएंगे।

कन्या


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: व्‍यक्तिगत दृष्टिकोण से यह माह महत्‍वपूर्ण है। पिछले चले आ रहे विवाद अब कुछ शांत हो जाएंगे। राहु के राशि बदलने से गुरु–चांडाल योग का प्रभाव अब समाप्‍त हो गया है और पिछली चली आ रही घात–प्रतिघात की परिस्थितियों में गुणात्‍मक परिवर्तन आ जाएगा परंतु फिर भी किन्‍हीं कारणों से मन में उच्‍चाटन के भाव रहेंगे। राशि से दशम मिथुन राशि में स्थित केतु ईश्‍वर की उपासना की ओर उन्‍मुख करेंगे और यदि आप साधना करने में सफल रहे तो श्रेष्‍ठफल की प्राप्ति में भी संदेह नहीं है। ईश्‍वर के प्रति अपनी निष्‍ठा का परिचय देते हुए इसका लाभ उठाएं और परिस्थितियों में असाधारण रूप से सुधार अनुभव करें। घरेलू मामले भी सुलझ जाएंगे।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक दृष्टिकोण से यह माह श्रेष्‍ठ है। आर्थिक लाभ बढ़ेंगे और व्‍यावसायिक विस्‍तार नए रूप में दिखाई देगा। लाभ के लिए आप कुछ ऐसे उपक्रम भी करेंगे जिन्‍हें नीतिपूर्ण या नियमों के अन्‍तर्गत नहीं कहा जा सकता। किसी भूमि के निस्‍तारण के लिए दबाव बन सकता है। यदि कार्य–व्‍यवसाय साझेदारी में है तो समस्‍याओं के समाधान आसानी से नहीं खोज पाएंगे। यदि नौकरीपेशा हैं तो कार्यप्रणाली में दक्षता लाने की आवश्‍यकता है। भूमि संबंधी विवाद यदि कोई है तो उसमें आपको सावधानी बरतनी चाहिए। यदि नया निवेश करना चाहते हैं तो कागज आदि की जांच अवश्‍य कर लें।

स्‍वास्‍थ्‍य: प्रथमार्द्ध की अपेक्षा उत्‍तरार्द्ध स्‍वास्‍थ्‍य के दृष्टिकोण से अधिक ठीक है। शारीरिक श्रम अधिक करना पड़ेगा जिस कारण थकावट महसूस करेंगे। आराम भी अधिक मिलेगा और भोजन भी अच्‍छा मिलने से संतुलन बना रहेगा।

रिश्‍ते–नाते: व्‍यक्तिगत संबंधों के दृष्टिकोण से यह मास शुभ है। आप स्‍वयं भी अच्‍छा व्‍यवहार करेंगे और आपको अच्‍छा व्‍यवहार मिलेगा भी। छोटी–मोटी बातों पर कोई वैचारिक मतभेद हो सकता है परंतु बड़ी बात देखने में नहीं आ रही है। वस्‍त्राभूषणों की खरीद पर पैसा खर्च करेंगे। यदि जीवनसाथी कार्यरत हैं तो कार्य का दबाव उन पर अधिक रहेगा।

तुला


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: राशि से संचार कर रहे तीन ग्रह शुभ परिणाम देंगे। आपका उत्‍साह लगातार बना रहेगा, सार्वजनिक क्षेत्रों में अच्‍छा प्रदर्शन करेंगे, पारिवारिक परिस्थितियों को नियंत्रित करने में सफल रहेंगे। बहुत अधिक लाभ पाने के लिए कुछ समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ेगी। घर–परिवार की छोटी जिम्‍मेदारियों को भी पूरा करने के लिए आप भरपूर प्रयास करेंगे। राशि से चतुर्थ–दशम अक्ष पर मंगल–बृहस्‍पति की प्रतियुति व्‍यक्तिगत पारिवारिक संबंधों के लिए घातक सिद्ध होगी। आपको संयम बरतकर मानसिक संतुलन बनाए रखना होगा। राशि से बारहवें स्थित शनि परिवार के मामले में छोटी–मोटी समस्‍याएं उत्‍पन्‍न करेंगे।
व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक दृष्टिकोण से यह माह मिले–जुले परिणाम देगा। यदि साझेदारी के मामले हैं तो वहां कुछ सामान्‍य नहीं चलेगा और ना आप प्रसन्‍न रहेंगे ना ही भागीदार। राशि से तीसरे संचार कर रहे राहु सप्‍तम भाव पर दृष्टिपात करेंगे जो भागीदारी के मामलों के लिए बहुत शुभ नहीं हैं। आपकी कार्य–प्रणाली के प्रति लोगों का संदेह बना रहेगा और किसी न किसी रूप में आपको सफाई पेश करनी पड़ेगी। आर्थिक लाभ यद्यपि तब भी बने रहेंगे और आप विलासिता की वस्‍तुओं पर खर्च भी करेंगे। किसी बड़े कार्यक्रम का आयोजन भी कर सकते हैं।
स्‍वास्‍थ्‍य: स्‍वास्‍थ्‍य सामान्‍य रहेगा। कोई छोटी पाचन संबंधी समस्‍या हो सकती है। शारीरिक श्रम अधिक करने से थकान महसूस करेंगे परंतु कोई बड़ी हानि स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति दिखाई नहीं देती।
रिश्‍ते–नाते: रिश्‍तों के लिए यह माह श्रेष्‍ठ है। थोड़े प्रयासों से ही पारिवारिक कलह को कम करने के सफल होंगे। वैवाहिक जीवन में सौहार्द्र बढ़ेगा। यदि आप अविवाहित हैं तो कोई नया संबंध बन सकता है जिसमें खट्टे और मीठे दोनों ही अनुभव होंगे।

वृश्चिक


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: व्‍यक्तिगत रूप से इस माह श्रम अधिक रहेगा और नवीन योजनाओं और क्रियान्‍वयन के प्रयासों में ही उलझे रहेंगे। खर्च की अधिकता रहेगी, विरोधी पक्ष प्रबल होगा और आपके विरूद्ध कई तरह के षड़यंत्र रचे जाएंगे। धन का विनिवेश ऐसी जगहों पर होगा जहां से जल्‍दी न वापस मिलने की उम्‍मीद है और ना ही लाभ की संभावनाएं अधिक हैं। यात्राएं अधिक होंगी, कुछ तीर्थाटन होगा और सुख–सुविधा बढ़ाने वाली इलेक्‍ट्रांनिक चीजों पर धन खर्च होगा। कहीं से अचानक आर्थिक लाभ हो जाने की संभावना है।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक यात्राएं करेंगे और व्‍यावसायिक विस्‍तार की योजनाओं को मूर्त रूप के कठिन प्रयास भी। धनागम जिस अनुपात में होगा उसी अनुपात में खर्च भी होगा। माह के उत्‍तरार्द्ध में कहीं से कोई बड़ा आर्थिक लाभ होगा जिससे आपके रूके हुए सारे काम बन जाएंगे परंतु फिर भी खर्चों पर नियंत्रण समय की आवश्‍यकता बन जाएगी। यदि आप नौकरीपेशा हैं तो कुछ कठिन परिस्थितियां जन्‍म लेंगी और मन में निराशा के भाव लगातार बने रहेंगे। अपने धैर्य से उन पर काबू पाने में सफल भी हो जाएंगे और जल्‍दी ही इस दौर को पार कर जाएंगे। कुछ नए विषय अपने व्‍यवसाय में जोड़ लेंगे।

स्‍वास्‍थ्‍य: पेट के रोग परेशान करेंगे, गले में कुछ विकार हो सकते हैं तथा खांसी आदि की शिकायत हो सकती है। निराशा के भाव में कुछ समय तो रहेंगे परंतु आप उन पर विजय पा लेंगे और यह माह आसानी से निकल जाएगा।

रिश्‍ते–नाते: कुछ ऐसे खर्च रिश्‍तेदारी में करने पडे़ंगे जो प्रत्‍यक्ष रूप से आपसे संबंध नहीं रखते। आपसे लोगों की अपेक्षाएं बढ़ जाएंगी, विशेष तौर पर मित्र आपसे अपेक्षा रखेंगे और आप भी उनकी अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

धनु


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत : व्‍यक्तिगत मेहनत से सफलता अर्जित करेंगे। पिछले दिनों जो बड़े खर्च आप कर चुके हैं उनके लाभ भी अब सामने दिखाई देने लगेंगे। समाज में प्रतिष्‍ठा बढ़ेगी, लोकप्रियता का दायरा बढ़ेगा और कहीं किसी मंच पर बोलने का अवसर भी। राजकीय पक्ष से संबंध सुधरेंगे और उनकी सहायता से होने वाले काम अब आसानी से बन जाएंगे परंतु राहु–केतु के राशि बदलने का प्रभाव आपके व्‍यक्तिगत दांपत्‍य जीवन पर रहेगा, जिस कारण कलह का वातावरण जन्‍म ले लेगा। अच्‍छा हो यदि यदि अपनी लंबित व्‍यावसायिक यात्राओं को इस माह अंजाम दे दें। जीवनसाथी के स्‍वास्‍थ्‍य की चिंता भी हो सकती है।

व्‍यावसायिक: यदि कार्य–व्‍यवसाय भागीदारिता में है तो यह माह कलह बढ़ाने वाला रहेगा। आर्थिक लाभ यद्यपि होते रहेंगे परंतु फिर भी ऋण लेने की सोचेंगे। धन को व्‍यावसायिक विस्‍तार और उत्‍पादक कार्यों के लिए खर्च करें तभी लाभ ले पाएंगे अन्‍यथा व्‍यर्थ खर्च आपकी परेशानियों को अधिक बढ़ाएगा। उत्‍तरार्द्ध में लंबी व्‍यावसायिक यात्राएं होंगी जिनके लाभ भविष्‍य के लिए संचित हो रहे हैं। आपके मन में जो तरह–तरह के भ्रम और अनिर्णय की स्थिति चल रही है उसका निवारण अभी संभव नहीं हो पाएगा। एक ओर आपका सामाजिक स्‍तर उठेगा तो दूसरी ओर छोटे बेकार के काम भी करते हुए आप देखे जाएंगे।

स्‍वास्‍थ्‍य: स्‍वास्‍थ्‍य संबंधी समस्‍याएं विशेष तौर पर पाचन संबंधी समस्‍याएं प्रमुख रूप से रहेंगी। मन में उच्‍चाटन का भाव रहेगा। आपको चाहिए कि कुछ समय पूजा–पाठ में व्‍यतीत करें।

रिश्‍ते–नाते: व्‍यक्तिगत संबंधों में धैर्य बनाए रखना होगा और कटु शब्‍दों का प्रयोग छोड़ना होगा। यदि आप अविवाहित हैं ओर प्रेम संबंध चल रहे हैं अथवा अच्‍छे प्रस्‍ताव सामने हैं तो उनके टूटने की संभावना अधिक है। रिश्‍तों को बनाए रखने के लिए कठिन प्रयास करने होंगे और व्‍यर्थ के आरोपों के जवाब भी देने होंगे।

मकर


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: व्‍यक्तिगत दृष्टिकोण से यह माह महत्‍वपूर्ण है जब न केवल आप संबंधों को महत्‍ता देंगे बल्कि अपने लिए भी मान्‍यता अर्जित करने के सारे काम करेंगे। राहु–केतु के राशि परिवर्तन के साथ ही कुछ शीघ्रगामी ग्रह भी राशि परिवर्तन करेंगे जिससे आप अपनी कार्य–प्रणाली में बदलाव लाएंगे और सामूहिक रूप से उठने की योजनाओं पर अधिक बल देंगे।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक प्रतिस्‍पर्द्धा लगातार बढ़ती रहेगी और आप फिर भी बड़ी सफलता अर्जित करने में सफल होंगे। राशि से छठे स्थित केतु और छठे भाव पर शनि का प्रभाव शत्रु पर कू्र प्रहार करने के लिए प्रेरित करते हैं। आप ऐसा करेंगे भी और व्‍यावसायिक प्रतिस्‍पद्धियों को मात देने में सफल हो जाएंगे। आर्थिक लाभ पर्याप्‍त मात्रा में हो सकता है परंतु फिर भी किए गए प्रयासों के लाभ उत्‍तरार्द्ध में अधिक मिलेंगे। यदि आप नौकरीपेशा हैं तो न केवल सहयोगियों से संबंधों में सुधार आएगा बल्कि आपके प्रति आज्ञाकारिता भी बढ़ेगी। कटुता को कम करने के पूर्ण प्रयास आप करेंगे। किसी नए कार्य से भी जुडे रहेंगे और पुराने को भी उतनी दक्षता से निभाते रहेंगे।

स्‍वास्‍थ्‍य : स्‍वास्‍थ्‍य के दृष्टिकोण से यह माह श्रेष्‍ठ है। निश्चित होकर कार्य करे, मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य में बढ़ोत्‍तरी होगी और पिछली चल रही निराशा पूरी तरह से समाप्‍त हो जाएगी।

रिश्‍ते–नाते: व्‍यावसायिक संबंधों को सावधानी से साधना होगा। राहु देव के राशि बदलने से बृहस्‍पति पर से उनका प्रभाव समाप्‍त हो चुका है और वे संबंधों में बिगाड़ नहीं चाहते और विश्‍वासघात की संभावना को भी लगभग समाप्‍त करते हैं। मित्रों के साथ अच्‍छा समय बिताएंगे और उनके कामों को भी करेंगे।

कुंभ


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: व्‍यक्तिगत रूके हुए काम अब आसानी से बनने लगेंगे। आय के अनुपात में खर्च तब भी अधिक रहेगा और आप उस पर नियंत्रण करने में लगभग असफल हो जाएंगे। यह समझ नहीं पाएंगे कि क्‍या करें और क्‍या नहीं। राशि से अष्‍टम संचार कर रहे शनिदेव कुछ क्षेत्रों में आपसे बदलाव चाहते हैं। आप एक काम को पूरी तरह न करते हुए बीच में ही दूसरे काम की ओर बढ़ जाएंगे। बृहस्‍पति देव राशि बदलने की प्रक्रिया में हैं और राशि पर संचार करने की स्थिति में हैं जिस कारण भाग्‍य बढ़ाने वाली कोई न कोई बात सामने अवश्‍य आएगी।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक दृष्टिकोण से यह माह कुछ कठिन रहेगा। राशि से अष्‍टम स्थित शनि एक काम को खत्‍म करा दूसरे काम की ओर प्रवृत्‍त करते हैं। यदि आप नौकरीपेशा हैं तो भी परिवर्तन की संभावना अधिक है। यदि सरकारी पक्ष से संबंध रखते हैं तो इस अवधि में कोई नुकसान हो सकता है अत: सावधान रहने की आवश्‍यकता है। नौकरीपेशा व्‍यक्तियों के अनुकूल निणर्य कार्यस्‍थल पर हों, ऐसी संभावना कम दिखाई देती है। यदि पदोन्‍नति अपेक्षित है तो उसमें भी बाधाएं दिखाई देती है।

स्‍वास्‍थ्‍य: वात–विकार रहेंगे, रक्‍तचाप की समस्‍या हो सकती है।

रिश्‍ते−नाते: व्‍यक्तिगत संबंधों में निराशा के भाव रहेंगे अत: सावधानीपूर्वक यह माह निकालने की आवश्‍यकता है। इस माह आपको यह भी ध्‍यान रखना होगा कि व्‍यक्तिगत एवं व्‍यावसायिक मामलों और रिश्‍तों दोनों को ही एक–दूसरे से अलग रखें अन्‍यथा व्‍यावसायिक जीवन की परेशानियां व्‍यक्तिगत जीवन को बिगाड़ देंगे। संतान का कार्य अच्‍छा रहेगा। जीवनसाथी से संबंधों में कुछ लाभ हो सकता है परंतु कुटुम्‍ब के कुछ भूमि संबंधी मामले तूल पकड़ सकते हैं।

मीन


1 नवम्बर 2009 - 30 नवम्बर 2009


व्‍यक्तिगत: पिछली चल रही व्‍यक्तिगत समस्‍याएं अब खत्‍म होंगी और आप चैन की सांस लेंगे। बृहस्‍पतिदेव अब अनुकूल होने जा रहे हैं और कहीं से लाभ की संभावनाएं भी दिखाई दे रही हैं। आप धर्म और धर्म के क्षेत्रों की ओर अधिक उन्‍मुख होंगे और सुखद अनुभूतियां भी इस क्षेत्र में होंगी। व्‍यक्तिगत भाग्‍य बढ़ाने वाली कोई घटना इस दौरान हो सकती है। कई बड़े लोगों से मिलना होगा। राशि से आठवें संचार कर रहे स्‍वराशि के शुक्र बड़ा आर्थिक लाभ भी दे सकते हैं।

व्‍यावसायिक: व्‍यावसायिक दृष्टिकोण से माह का प्रथमार्द्ध कुछ कठिन है परंतु उत्‍तरार्द्ध बहुत ही शानदार रहेगा। कार्यक्षेत्र में परिवर्तन होंगे और संभव है कि अपना संपूर्ण ढांचा ही बदल दें। यदि नौकरीपेशा हैं तो व्‍यवहार में सुधार और नरमी अपेक्षित है।

स्‍वास्‍थ्‍य: माह के प्रथमार्द्ध में राशि से अष्‍टम में तीन ग्रहों का संचार पित्‍त विकार उत्‍पन्‍न करेगा, खान–पान में सावधानी रखें। नीच राशि में स्थित सूर्य वाहन आदि से चोट लगने के संकेत देते हैं अत: सावधानी बरतें।

रिश्‍ते–नाते: व्‍यक्तिगत संबंधों में चल रही कटुता अब कम हो जाएगी। यदि जीवनसाथी कार्यरत हैं तो उनको लाभ होगा। यदि व्‍यवसाय उनके नाम से है तो भी एक दो नए विषय जुड़ने के संकेत हैं।

Acharya Kushal Kumar

Moscow
visit count :- click this box Rashi Fal - ACHARYA KUSHAL
counting 01-04-2009


acharayakushal
acharayakushal
Latest page update: made by acharayakushal , Nov 1 2009, 1:19 PM EST (about this update About This Update acharayakushal Edited by acharayakushal


view changes

- complete history)
Keyword tags: None
More Info: links to this page
There are no threads for this page.  Be the first to start a new thread.